शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेन्द्र सिंह को भावभीनी विदाई, सेवाकाल को सराहा

कोरबा।शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. राजेन्द्र सिंह के सेवानिवृत्त होने पर भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। 31 मार्च को अधिवार्षिकी आयु पूर्ण करने पर महाविद्यालय परिवार ने उनके सम्मान में कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें प्राध्यापकगण, कर्मचारी, अन्य महाविद्यालयों के प्राचार्य, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष एवं अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद प्राध्यापकों, ग्रंथपाल, क्रीड़ा अधिकारी और कर्मचारियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए डॉ. सिंह के कुशल नेतृत्व, अनुशासनप्रियता और महाविद्यालय के विकास में उनके योगदान की सराहना की।

वक्ताओं ने कहा कि उनके कार्यकाल में शैक्षणिक गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ और कई नई योजनाओं का सफल क्रियान्वयन हुआ।

समारोह के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। इस अवसर पर डॉ. राजेन्द्र सिंह को शाल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में डॉ. सिंह ने महाविद्यालय परिवार के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां बिताया गया समय उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण और अविस्मरणीय अध्याय रहेगा।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. विनोद कुमार साहू ने आभार प्रदर्शन किया। प्रभारी प्राचार्य डॉ. पापिया चतुर्वेदी सहित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने डॉ. सिंह के उज्ज्वल भविष्य एवं दीर्घायु की कामना की।