इंटरलॉकिंग कार्य अंतिम चरण में, 7 अप्रैल से पटरी पर लौटेंगी ट्रेनें

अकलतरा में चौथी लाइन कनेक्टिविटी के चलते 4 दिन रद्द रहीं 12 ट्रेनें अब होंगी बहाल

कोरबा।रेल मंडल अंतर्गत अकलतरा रेलवे स्टेशन पर चौथी लाइन कनेक्टिविटी के लिए चल रहे नॉन इंटरलॉकिंग कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। इस कार्य के चलते चार दिनों तक रद्द की गई 12 मेमू और पैसेंजर ट्रेनें 7 अप्रैल से पुनः पटरी पर लौटेंगी, जिससे यात्रियों को राहत मिलेगी।

रेलवे प्रशासन ने जानकारी दी है कि प्रभावित ट्रेनों को पुनः बहाल (री-स्टोर) करने का निर्णय लिया गया है। इनमें प्रमुख रूप से रायपुर-गेवरारोड मेमू, गेवरारोड-रायपुर मेमू (68745), रायपुर-कोरबा पैसेंजर, कोरबा-रायपुर पैसेंजर, बिलासपुर-गेवरारोड मेमू तथा गेवरारोड-बिलासपुर मेमू ट्रेनें शामिल हैं।

गौरतलब है कि अकलतरा स्टेशन पर चौथी लाइन कनेक्टिविटी के कार्य के कारण रेल संचालन प्रभावित हुआ था और यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। अब कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों की नियमित आवाजाही बहाल होने से दैनिक यात्रियों और आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।