सीएमए किकबॉक्सिंग एकेडमी का नाम ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में दर्ज

खिलाड़ियों की ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री ने दी बधाई, बताया प्रेरणादायक

कोरबा। सीएमए – छत्तीसगढ़ मार्शल आर्ट एवं किकबॉक्सिंग एकेडमी, कोरबा ने खेल जगत में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए अपना नाम ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में दर्ज कराया है। यह सम्मान वर्ष 2018 से फरवरी 2026 तक राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सर्वाधिक पदक जीतने के आधार पर मिला है।

एकेडमी के संस्थापक तारकेश मिश्रा ने बताया कि किकबॉक्सिंग खेल को प्रदेश में वर्ष 2006 से बढ़ावा दिया जा रहा है और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से वर्ष 2018 में एकेडमी की स्थापना की गई थी। आधुनिक सुविधाओं, अनुशासित प्रशिक्षण और खिलाड़ियों की मेहनत के दम पर संस्था लगातार सफलता हासिल कर रही है।

यहां से प्रशिक्षित खिलाड़ी न केवल राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं, बल्कि आयरलैंड, रूस, साउथ कोरिया, तुर्की, इटली और नेपाल जैसे देशों में अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं।

खिलाड़ियों को राज्य शासन द्वारा शहीद कौशल यादव, खेल अंकुर, खेल गौरव और खेल शिखर जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है।

इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों और एकेडमी के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए इसे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

एकेडमी के मुख्य कोच तारकेश मिश्रा ने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों, अभिभावकों और सहयोगियों को देते हुए कहा कि यह उपलब्धि भविष्य में और बड़े लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा देगी।