डामरीकरण कार्य जारी, निर्माण के दौरान यातायात प्रभावित
कोरबा। कोरबा-पश्चिम कुसमुंडा क्षेत्र के इमलीछापर मार्ग पर लंबे समय से खराब पड़ी सड़क के सुधार का कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। यहां मरम्मत और डामरीकरण का काम जारी है, जिससे फिलहाल लोगों को थोड़ी परेशानी हो रही है, लेकिन कार्य पूर्ण होने के बाद राहगीरों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
वर्तमान में सड़क के एक हिस्से पर काम चलने के कारण वाहनों की आवाजाही दूसरे हिस्से से कराई जा रही है। इससे यातायात प्रभावित हो रहा है और कई बार जाम की स्थिति भी बन रही है। इमलीछापर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, पहले चरण में इमलीछापर से स्टेशन मार्ग तक सड़क सुधार का कार्य किया जा रहा है। इसके बाद दूसरे चरण में इमलीछापर से चर्च स्थित व्यावसायिक कॉम्पलेक्स तक सड़क को दुरुस्त किया जाएगा।
गड्ढों से भरी इस सड़क के कारण वाहन चालकों को लंबे समय से परेशानी झेलनी पड़ रही थी। कई बार भारी वाहन बीच रास्ते में फंस जाते थे, वहीं उड़ती धूल से आसपास के लोगों और दुकानदारों को भी काफी दिक्कत होती थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब सड़क के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता था और कई छोटे-बड़े हादसे भी हो चुके हैं। ऐसे में सड़क सुधार की मांग लंबे समय से की जा रही थी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















