कोरबा में पहला ईवी चार्जिंग स्टेशन शुरू, मंत्री देवांगन व मेयर ने किया लोकार्पण

वार्ड 8-9 में 54 लाख की स्ट्रीट लाइट का भूमिपूजन, विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार

कोरबा।नगर निगम कोरबा क्षेत्रवासियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में तेजी दिखा रहा है। बैशाख नवमीं के शुभ अवसर पर शहर का पहला ईवी चार्जिंग स्टेशन लोकार्पित कर दिया गया।

मंत्री लखनलाल देवांगन और मेयर संजूदेवी राजपूत ने संयुक्त रूप से इस ईवी चार्जिंग स्टेशन का लोकार्पण किया।

साथ ही वार्ड क्रमांक 8 एवं 9 में स्ट्रीट लाइट स्थापना के लिए भूमिपूजन भी किया गया।

ईवी चार्जिंग स्टेशन की सुविधा
नगर पालिक निगम द्वारा 25 लाख रुपये की लागत से तैयार किए गए इस ईवी चार्जिंग स्टेशन से इलेक्ट्रिक बाईक, स्कूटी, ऑटो और कार चार्ज करने की सुविधा मिल सकेगी। सीएसईबी से बिजली कनेक्शन लिया गया है। यहां शुल्क देकर लोग अपनी ई-वाहनों को चार्ज कर सकेंगे।
निगम ने बताया कि क्षेत्र के अन्य स्थानों पर भी ऐसे ईवी चार्जिंग स्टेशन बनाने की योजना है।

स्ट्रीट लाइट का भूमिपूजन
इसी दौरान मंत्री देवांगन और मेयर संजूदेवी ने सीतामढ़ी हटरी मेन रोड से इमलीडुग्गू स्वागत द्वार तक 54 लाख 28 हजार रुपये की लागत से स्ट्रीट लाइट लगाने का भूमिपूजन किया। इस कार्य के तहत इलाके में 60 खंभे लगाए जाएंगे।

मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि विगत दो वर्षों में कोरबा के विकास के लिए लगभग साढ़े 800 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई है। इनमें बुनियादी सुविधाओं से लेकर बड़े निर्माण कार्य शामिल हैं।

महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार कोरबा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, अशोक चावलानी, राधा महंत, उर्वशी राठौर, रूबीदेवी सागर, पंकज देवांगन सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।