कोरबा। स्वतंत्रता दिवस के गरिमामय एवं भव्य आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में हुए पूर्वाभ्यास में 15 अगस्त को होने वाले मुख्य समारोह की सभी गतिविधियों का समयबद्ध और अनुशासित तरीके से अभ्यास किया गया।
मुख्य समारोह में विधायक अमर अग्रवाल ध्वजारोहण करेंगे तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया जाएगा। फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने परेड की सलामी ली। इस दौरान मुख्य अतिथि के आगमन से लेकर समारोह के समापन तक की पूरी प्रक्रिया का क्रमवार पूर्वाभ्यास किया गया।
ध्वजारोहण से मार्च पास्ट तक हुआ अभ्यास
पूर्वाभ्यास में मुख्य अतिथि के मंच पर आगमन, स्वागत, ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और परेड निरीक्षण की प्रक्रिया को दोहराया गया। इसके बाद विभिन्न प्लाटूनों ने पूरे अनुशासन और जोश के साथ मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। परेड के दौरान निर्धारित प्रक्रिया के तहत तीन राउंड में हर्ष फायर का भी अभ्यास किया गया। प्लाटून कमांडरों के परिचय और मुख्य अतिथि द्वारा परेड टुकड़ियों के निरीक्षण का भी पूर्वाभ्यास किया गया।




सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में दिखेगा देशभक्ति का रंग
समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया। विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय भावना और देशप्रेम का संदेश दिया। समारोह के दौरान रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े जाने की गतिविधि का भी अभ्यास किया गया।
व्यवस्थाओं का बारीकी से किया परीक्षण
स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्कृष्ट कार्य एवं उपलब्धियों के लिए पुरस्कार वितरण, अतिथियों एवं प्रतिभागियों के साथ फोटो सेशन सहित अन्य कार्यक्रमों का भी पूर्वाभ्यास किया गया। अधिकारियों ने मंच व्यवस्था, परेड का अनुशासन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, कार्यक्रमों की समय-सारणी और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया।
अधिकारियों ने बताया कि फुल ड्रेस रिहर्सल का उद्देश्य मुख्य समारोह के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था की संभावना को समाप्त करते हुए सभी कार्यक्रमों को समयबद्ध, गरिमापूर्ण, अनुशासित और आकर्षक तरीके से संपन्न कराना है।
15 अगस्त को सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में होने वाला मुख्य समारोह देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और उत्साह के रंग में सराबोर नजर आएगा। रिहर्सल के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
