एनएच-130 पर दो हादसे, योग शिक्षक समेत दो की मौत

अंधेरा बना हादसों की वजह, ब्लैक स्पॉट हटने के बाद भी नहीं सुधरी प्रकाश व्यवस्था

कोरबा।एनएच-130 पर शुक्रवार देर रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में योग शिक्षक सहित दो लोगों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं में अंधेरा और सड़क की खराब स्थिति हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पहली घटना सीताराम चौक चकचकवा पहाड़ के पास हुई, जहां ऐतमानगर निवासी 25 वर्षीय शिपाल पोर्ते बाइक से ग्राम सिंघिया से लौट रहे थे। रास्ते में स्ट्रीट लाइट बंद होने और सड़क पर पड़े मुरूम के ढेर के कारण उन्हें रास्ता नजर नहीं आया और बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। गंभीर सिर चोट के कारण अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।

दूसरी घटना तानाखार-बरपाली मार्ग पर हुई। पोड़ी उपरोड़ा में पदस्थ योग शिक्षक एवं संकुल प्रभारी जय पांडेय कटघोरा से लौट रहे थे। रात के अंधेरे में उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। गंभीर रूप से घायल जय पांडेय को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा लाया गया, जहां से उन्हें कोरबा रेफर किया गया। उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गौरतलब है कि एनएच-130 पर पूर्व में दुर्घटनाओं को देखते हुए ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर सुधार कार्य किए गए थे, लेकिन अब भी कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं के अभाव में हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर समुचित प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।