राष्ट्रीय किक बॉक्सिंग में कोरबा के खिलाड़ियों का दम, दो पदक किए अपने नाम

कोरबा।तमिलनाडु के चेन्नई में आयोजित राष्ट्रीय ‘अस्मिता खेलो इंडिया किक बॉक्सिंग लीग’ में कोरबा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक हासिल किए हैं। यह प्रतियोगिता 24 से 29 मार्च तक आयोजित की गई, जिसमें देशभर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

सीएमए एकेडमी कोरबा की खिलाड़ी लोकिता चौहान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। उन्होंने मध्य प्रदेश, कर्नाटक और उड़ीसा के खिलाड़ियों को हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं नाफिया सिद्दीकी ने मध्य प्रदेश और पंजाब के खिलाड़ियों के खिलाफ मुकाबला करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।

छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के संस्थापक एवं कार्यकारी अध्यक्ष तारकेश मिश्रा ने बताया कि प्रदेश के 33 खिलाड़ियों ने विभिन्न वजन वर्गों में भाग लिया। टीम ने कुल 17 पदक (4 स्वर्ण, 2 रजत और 7 कांस्य) जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया।

इसके अलावा कोरबा की कर्रा तेजस्विनी और श्रेया लक्ष्मी साहू ने पांचवां स्थान, जबकि हर्षिता ने नौवां स्थान प्राप्त किया।

यह प्रतियोगिता विशेष रूप से बालिकाओं एवं महिला खिलाड़ियों के कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को भारत सरकार द्वारा नगद पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष छगन लाल मूंदड़ा, जिला खेल अधिकारी दीनू पटेल, सहायक खेल प्रभारी आर.के. साहू, क्रीड़ा भारती के जिला अध्यक्ष बलराम विश्वकर्मा तथा सीएमए संचालक प्रीति मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारियों ने बधाई दी।