मुख्यधारा में लौटे वनबंधुओं से होगा वनीकरण, ‘ट्री मैन ऑफ इंडिया’ विष्णु लाम्बा का सुझाव

कोरबा। छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों में नक्सली ग्रीन मिशन की शुरुआत की गई है। कल्पतरु संस्थान की ओर से इस प्रयास को बढ़ावा दिया जा रहा है। ट्री मैन ऑफ इंडिया विष्णु लाम्बा ने कहा है कि आत्मसमर्पित नक्सलियों को पर्यावरण सुधार से संबंधित इस अभियान का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।

प्रेस क्लब में विष्णु लाम्बा ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने बताया कि बीते वर्षों में चंबल क्षेत्र में सक्रिय रहे दस्यु वर्ग को आत्मसमर्पण के बाद विकास की नई धारा में जोड़ा गया है और उनका योगदान अच्छे कार्यों में तय किया गया है। हमारी सोच है कि कुछ इसी प्रकार का काम छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों के आत्मसमर्पित नक्सलियों के जरिए होना चाहिए इसलिए हमने सघन वनीकरण करना सुनिश्चित किया है।

विष्णु ने कहा कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री की इच्छाशक्ति के कारण बहुत सारे काम आसान हुए हैं। हम चाहते हैं कि 31 मार्च की डेडलाइन के बाद छत्तीसगढ़ में बड़े स्तर पर सघन वनीकरण का काम हो। उन्होंने सीआईएसएफ की कोशिश को सराहा। कोरबा क्षेत्र में औद्योगिक प्रदूषण की स्थिति को देखने और कुछ लोगों से मुलाकात के बाद विष्णु ने अपने अनुभव से कहा कि स्थितियों में कुछ सुधार हुआ है।

उम्मीद करना होगा कि पर्यावरण संकट से जब धरती का हर हिस्सा जूझ रहा है, ऐसे में लोगों के सामूहिक प्रयासों से चुनौतियों को कुछ हद तक दूर किया जाना संभव होगा।