महिलाओं को अवसरों का लाभ उठाकर बनना होगा आत्मनिर्भर : पद्मिनी देवांगन

कोरबा। नगर पंचायत छुरीकला की अध्यक्ष पद्मिनी प्रीतम देवांगन ने कहा कि महिलाओं को स्वावलंबी बनने की दिशा में निरंतर प्रयास करना चाहिए। आज के दौर में महिलाओं के लिए शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता के अनेक अवसर उपलब्ध हैं, जिनका लाभ उठाकर वे अपने परिवार और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

पद्मिनी देवांगन ने कहा कि महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार द्वारा कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य हो रहा है।

सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ अब राजनीतिक परिदृश्य में अपनी कुशलता प्रदर्शित कर रही पद्मिनी प्रीतम देवांगन ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के साथ-साथ महिलाओं को अपनी क्षमता और कौशल को विकसित करने की भी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी, तब समाज और देश दोनों की प्रगति तेज होगी।

उन्होंने महिलाओं से शिक्षा, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि सशक्त महिला ही मजबूत समाज की आधारशिला होती है।