बालकोनगर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत बालको अस्पताल ने व्यापक स्तर पर टीकाकरण अभियान चलाते हुए 800 से अधिक बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाई। बालको अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक सिन्हा के नेतृत्व में संचालित इस अभियान का शुभारंभ बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में किया गया।
अभियान के दौरान बालको अस्पताल द्वारा 12 से अधिक प्रमुख स्थानों पर विशेष टीकाकरण शिविर लगाए गए। इनमें भदरापारा, कैलाश नगर, परसाभाठा, चेकपोस्ट, सतनाम नगर, दैहानपारा, बालको बस स्टैंड, बेलगिरी बस्ती, सेक्टर-3 दुर्गा पूजा पंडाल और सेक्टर-4 गैस एजेंसी सहित कई क्षेत्र शामिल रहे। इसके अलावा मोबाइल वैन के माध्यम से दूरस्थ इलाकों तक पहुंचकर बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई।

स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने दो दिनों तक डोर-टू-डोर अभियान चलाकर 2,357 घरों तक पहुंच बनाई और यह सुनिश्चित किया कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे। बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी विशेष शिविर लगाए गए, जिससे यात्रा कर रहे परिवारों के बच्चों को भी पोलियो की दवा उपलब्ध कराई जा सके।
बालको के सीईओ राजेश कुमार सिंह ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल टीकाकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक परिवार में स्वास्थ्य जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का भी प्रयास है। उन्होंने अभियान में सहयोग देने वाले सभी परिवारों और स्वास्थ्यकर्मियों का आभार व्यक्त किया।
सेक्टर-3 निवासी सोमनाथ पटेल ने बालको अस्पताल की पहल की सराहना करते हुए कहा कि उनकी दो वर्षीय बेटी को अस्पताल में पोलियो की खुराक पिलाई गई और स्वास्थ्य टीम उनके घर भी पहुंची। उन्होंने पोलियो मुक्त भारत के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए पूरी टीम को धन्यवाद दिया।
उल्लेखनीय है कि 125 बिस्तरों वाला बालको अस्पताल कोरबा सहित रायगढ़, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिलों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है तथा राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

