कोरबा। निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में गिट्टी से भरा ट्रेलर खाली करते समय उसका हाइड्रोलिक जैक टूट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में 25 वर्षीय समन्स उर्फ निराले की मौके पर ही मौत हो गई। युवक पास खड़े ट्रेलर का स्टेपनी बदलवा रहा था।
पुलिस ने इस घटना पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक समन्स निराले बिहार का निवासी था। हादसे के बाद मजदूरों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि यह दुर्घटना लापरवाही के कारण हुई, क्योंकि साइट इंचार्ज मौके पर मौजूद नहीं था और वाहन को अकेले ही खाली किया जा रहा था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और उनके रिश्तेदार बिहार से कोरबा पहुंच रहे हैं।
मृतक के रिश्तेदार मोहम्मद कैसर ने बताया कि उन्हें फोन पर हादसे की जानकारी मिली। उन्होंने मौके पर पहुंचकर देखा कि युवक की मौत हो चुकी थी और पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जा चुकी थी। कैसर ने घटना की परिस्थितियों पर जांच की मांग की और लापरवाही की आशंका जताई।
मौके पर मौजूद गार्ड इंचार्ज हरिद्वार सिंह ने बताया कि गिट्टी खाली करते समय यह घटना हुई। उन्होंने खुद फील्ड पर काम करते हुए इसकी जानकारी पुलिस को दी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















