कोरबा। नगर निगम कोरबा का वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट बहुमत से पारित हो गया। कार्यवाही के दौरान तीन प्रस्ताव बहुमत से और पांच प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बुधवारी बाजार पुनर्विकास परियोजना को विरोध के कारण होल्ड कर लिया गया। खास बात यह रही कि पूरी कार्यवाही में 4 सदस्यों ने हाथ उठाकर विरोध दर्ज कराया।
निगम को अनुमान है कि वित्त वर्ष में उसे सभी स्रोतों से 915.68 करोड़ रुपये की आमदनी होगी, जबकि विभिन्न कार्यों पर 892.51 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी।
निगम के सभागार में बुधवार को साधारण सभा के साथ बजट की कार्यवाही पूरी हुई। इस दौरान 30 मिनट का ध्यानाकर्षण आरक्षित किया गया। इस दौरान कई विषयों पर पार्षदों ने ध्यान खींचा, जिन पर चर्चा के साथ उत्तर दिए गए। सामान्य प्रस्तावों के पठन के साथ स्वीकृति की पुष्टि हुई।

बजट के प्रमुख प्रावधान
निगम द्वारा 57 वार्डों में बुनियादी सुविधाओं सहित अधोसंरचना विकास आदि में भारी-भरकम राशि खर्च की जाएगी। महापौर, अध्यक्ष व पार्षदों को मानदेय पर 175 लाख रुपये खर्च होंगे। निगम ने कर्मचारियों को वर्दी देने के लिए 5 लाख रुपये का प्रावधान किया है। कर्मचारियों को पेंशन, समूह बीमा आदि मिलाकर 400 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। जलापूर्ति पर 150 लाख, शिक्षा, खेलकूद व युवा कल्याण पर 50 लाख तथा पर्यावरण व उद्यानिकी के लिए 100 लाख रुपये रखे गए हैं। विभिन्न प्रकार के प्लेसमेंट कार्यों के मामले में निगम ने 7970 लाख रुपये खर्च करने की बात कही है।
रामलीला महोत्सव के लिए 50 लाख का प्रावधान
नगर निगम ने इस वर्ष होने वाले रामलीला महोत्सव के लिए 50 लाख रुपये का प्रावधान किया है। महापौर कन्यादान योजना के लिए 20 लाख, कर्मचारी खेलकूद के लिए 10 लाख, महापौर ट्राफी खेल प्रतियोगिता के लिए 20 लाख, उद्घाटन, शिलान्यास, शिलापट्टिका, रेस्ट हाउस और अतिथि सत्कार के लिए 150 लाख रुपये की राशि रखी गई है। दादर की रथयात्रा के लिए पहले निगम 2 लाख रुपये देता था, अब यह राशि 3 लाख रुपये कर दी गई है।
मेयर ने कहा- कांग्रेस विकास विरोधी
बजट कार्यवाही के दौरान बुधवारी बाजार के पास खाली स्थान पर मार्केट बनाने का कांग्रेस पार्षदों ने विरोध किया। महापौर संजू देवी राजपूत ने इस पर कहा कि कांग्रेस विकास की विरोधी है। मार्केट बनाने का जो निर्णय लिया गया है, उसका लाभ आम लोगों और जरूरतमंदों को मिलेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















