सर्वमंगला मंदिर में सप्तमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, मां कालरात्रि के दर्शन को लगी लंबी कतारें

कोरबा। चैत्र नवरात्रि की सप्तमी तिथि पर सर्वमंगला मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मां दुर्गा के सातवें स्वरूप मां कालरात्रि की पूजा के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं।

हसदेव नदी के तट पर स्थित इस ऐतिहासिक मंदिर में दिनभर दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। मां सर्वमंगला का विशेष श्रृंगार आकर्षक पोशाक और भव्य आभूषणों से किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

मंदिर परिसर में हजारों की संख्या में तेल और घी के ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए, जिनकी दिव्य रोशनी से पूरा क्षेत्र आलोकित हो गया। भक्तों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए। दर्शन के लिए अलग-अलग कतारें, बैरिकेडिंग और पुलिस बल की तैनाती से व्यवस्था सुचारू बनी रही।