केराकछार से ठाकुरखेता पहुंचा 9 हाथियों का दल: वन विभाग ने शुरू की निगरानी, ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील

कोरबा। कोरबा वन मंडल के पसरखेत रेंज अंतर्गत केराकछार क्षेत्र में 9 हाथियों के एक दल ने डेरा डाला हुआ था। यह दल मुमेंट करते हुए आगे बढ़ा और ठाकुरखेता जंगल की ओर रुख कर गया। महुआ संग्रहण के लिए जंगल गए ग्रामीणों ने हाथियों के दल को देखा और तुरंत संबंधित वन अमले को सूचना दी। सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर हाथियों की निगरानी में जुट गई है।

ठाकुरखेत एवं आसपास के क्षेत्रों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क करने का अभियान शुरू कर दिया गया है। उनसे अपील की जा रही है कि हाथियों से दूरी बनाए रखें और सावधानी बरतें।

इसी बीच करतला रेंज के पहाड़ गांव में सक्ती क्षेत्र से एक दंतैल हाथी के आने की सूचना मिली है। करतला वन परिक्षेत्र की प्रभारी रेंजर अर्चना पैकरा ने बताया कि क्षेत्र में गस्ती बढ़ा दी गई है और दंतैल हाथी की तलाश तेज कर दी गई है।

हालांकि अभी तक उसका लोकेशन नहीं मिल पाया है।

संभावना है कि हाथी पहाड़ पर कहीं छिपा हुआ है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और हाथी से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।