घंटाघर मुख्य मार्ग पर सरेआम मारपीट, वीडियो वायरल, दोनों पक्षों पर मामला दर्ज

कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत घंटाघर मुख्य मार्ग पर सरेआम मारपीट की एक घटना सामने आई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मंगलवार देर शाम हुई इस घटना में दो गुटों के युवक आपस में भिड़ गए और जमकर मारपीट की।

मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे, हालांकि कुछ युवकों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन विवाद फिर भड़क गया। पुलिस के अनुसार, मारपीट करने वाले युवकों में रवि शंकर और आसपास के रहने वाले अन्य लोग शामिल हैं।

सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी नवीन पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर थाने ले आए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।

साथ ही वायरल वीडियो के आधार पर धारा 151 के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को घटना की वजह माना जा रहा है।