टीबी मुक्त कोरबा का संकल्प: 100 दिन के अभियान की शुरुआत, कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया शुभारंभ

कोरबा। सरकार की रणनीति के तहत कोरबा जिले में टीबी उन्मूलन के लिए 100 दिन का विशेष अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान में टीबी रोगियों की पहचान, उनका उपचार और उन्हें विशेष पोषण किट प्रदान करने पर जोर दिया जाएगा।

अभियान का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया। इस मौके पर उन्होंने टीबी मुक्त कोरबा बनाने का संकल्प लिया।

मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में टीबी को जड़ से समाप्त करने का अभियान स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से प्रभावी रूप से चलाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सतत प्रयासों से प्रदेश में गांव से लेकर शहर तक टीबी की रोकथाम और उपचार के लिए निरंतर कार्य हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 101 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त घोषित हो चुकी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि निरंतर प्रयासों से जल्द ही कोरबा जिले को पूर्णतः टीबी मुक्त बनाया जा सकेगा।

कार्यक्रम में जिले की टीबी मुक्त घोषित पंचायतों को प्रमाण पत्र एवं गांधी प्रतिमा देकर सम्मानित किया गया। टीबी उन्मूलन में योगदान देने वाले सार्वजनिक उपक्रमों, समाजसेवी संस्थानों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर 20 टीबी मरीजों को पोषण सहयोग के रूप में निक्षय किट का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केसरी, जिला क्षय उन्मूलन अधिकारी डॉ. बी.आर. रात्रे, लायन्स क्लब अध्यक्ष विक्रम अग्रवाल, एनजीओ प्रमुख, जनप्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।