कोरबा। विकासखंड कोरबा अंतर्गत करूमौहा पंचायत की सरपंच कविता टांडे (मंझवार) की कुर्सी अब खतरे में है। पंचायत के 12 पंचों में से कई ने उन पर मनमानी, विकास में बाधा डालने और अन्य आरोप लगाते हुए अविश्वास प्रस्ताव लाया है। इस प्रस्ताव पर 25 मार्च (बुधवार) को वोटिंग होनी है, जिससे तय होगा कि सरपंच की कुर्सी बचेगी या जाएगी।
जनपद पंचायत कोरबा ने अविश्वास प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है और हस्ताक्षर प्रमाणन की प्रक्रिया पूरी कर ली है। पंचायत भवन में सुबह 11 बजे से होने वाली वोटिंग की जिम्मेदारी प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपी गई है।
विवाद और गायब होने का मामला
काफी समय से विवादित रही इस पंचायत में सरपंच को हटाने का प्रयास लंबे समय से चल रहा था। हाल ही में वार्ड क्रमांक 4 की महिला पंच कमला कंवर, उनके पति और दो बच्चों के रहस्यमय तरीके से गायब होने से मामला और गरमा गया है।
परिवार का आरोप है कि उन्हें चंद्रहासिनी दर्शन के बहाने जबरन अगवा कर लिया गया, ताकि वे अविश्वास प्रस्ताव की वोटिंग में हिस्सा न ले सकें। इसमें सरपंच के पति की भूमिका बताई जा रही है। दो अन्य पंचों को लेकर भी इसी तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
रजगामार पुलिस चौकी प्रभारी लक्ष्मण खूंटे ने मंगलवार को करूमौहा पहुंचकर कुछ लोगों से पूछताछ की। वीडियो कॉल से संबंधित लोगों से बात की गई, लेकिन अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
राजनीतिक गहमागहमी
अविश्वास प्रस्ताव के चलते पंचायत में दो धड़े साफ नजर आ रहे हैं। एक धड़ा सरपंच के खिलाफ है तो दूसरा उन्हें बचाने की कोशिश में लगा है। स्थानीय स्तर पर राजनीति भी तेज हो गई है। नाम के लिए महिला सरपंच है, लेकिन परदे के पीछे अन्य लोग पंचायत चला रहे हैं, ऐसी चर्चाएं आम हैं।
25 मार्च को होने वाली वोटिंग से तय होगा कि करूमौहा पंचायत को नया सरपंच मिलेगा या पुरानी व्यवस्था बरकरार रहेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















