कलेक्टर ने दिए निर्देश,अप्रैल से जून तक तीन चरणों में होगा राजस्व पखवाड़ा, प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर जोर

कोरबा। जिले में छत्तीसगढ़ राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशानुसार राजस्व पखवाड़ा-2026 का आयोजन व्यापक स्तर पर किया जाएगा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी राजस्व अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा है कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

राजस्व पखवाड़ा तीन चरणों में आयोजित होगा पहला चरण 1 से 15 अप्रैल, दूसरा 4 से 18 मई और तीसरा 1 से 15 जून तक जिले के सभी ग्रामों में शिविर लगाकर किया जाएगा।

कलेक्टर ने कहा कि यह केवल शिविर नहीं, बल्कि आम जनता को त्वरित राहत देने का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए कार्य में तेजी और पारदर्शिता अनिवार्य है।

उन्होंने अविवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, त्रुटि सुधार, वृक्ष कटाई एवं अन्य लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। साथ ही शिविरों में प्राप्त आवेदनों का मौके पर ही पंजीयन और निराकरण करने पर जोर दिया गया, ताकि हितग्राहियों को तत्काल राहत मिल सके।

कलेक्टर ने भू-अभिलेखों को अद्यतन करने के लिए आधार नंबर, मोबाइल नंबर, किसान किताब एवं अन्य जरूरी प्रविष्टियों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा आरबीसी 6-4 के तहत जनहानि, फसल और पशु हानि से जुड़े मामलों के त्वरित निराकरण पर विशेष बल दिया गया।

आय, जाति और निवास प्रमाण पत्रों के आवेदन भी शिविर स्थल पर ही लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से लिए जाएंगे और उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। ग्राम पंचायत स्तर पर कोटवारों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

कलेक्टर दुदावत ने कहा कि यह अभियान प्रशासन की जनहित के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करेगा और आम जनता को पारदर्शी एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा।