जल संरक्षण में एसईसीएल को राष्ट्रीय सम्मान, नई दिल्ली में मिला वाटर डाइजेस्ट अवार्ड 2026

कोरबा। जल संरक्षण एवं औद्योगिक जल प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) को “वाटर डाइजेस्ट अवार्ड 2026” के अंतर्गत इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल वाटर मैनेजमेंट एंड स्ट्यूअर्डशिप अवार्ड से सम्मानित किया गया है।

23 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में यह सम्मान राज भूषण चौधरी (जल शक्ति राज्य मंत्री, भारत सरकार) द्वारा कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन एवं निदेशक रमेश चंद्र महापात्र को प्रदान किया गया।

यह सम्मान एसईसीएल द्वारा खान जल के प्रभावी उपयोग और जल प्रबंधन में किए जा रहे नवाचारपूर्ण प्रयासों के लिए दिया गया है। कंपनी द्वारा खदानों से निकलने वाले जल का पुनः उपयोग कर आसपास के क्षेत्रों में जल संकट को कम किया जा रहा है तथा किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।

जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शनिश कुमार ने बताया कि इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में जल उपलब्धता सुनिश्चित हुई है और किसानों को सिंचाई के लिए विश्वसनीय स्रोत मिलने से वे अब साल में दो फसलें लेने में सक्षम हो रहे हैं। इससे उनकी आय में वृद्धि के साथ-साथ क्षेत्र में सतत जल प्रबंधन को भी मजबूती मिली है।

एसईसीएल की यह पहल समावेशी विकास और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।