भक्ति, भाव और रस का त्रिवेणी संगम: त्रिवेदी परिवार के आयोजन में सात दिवसीय श्रीहरि कथा से सराबोर होगा दादरखुर्द

कोरबा। जिले के समीपस्थ ग्राम दादरखुर्द में 27 मार्च से सात दिवसीय श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। त्रिवेदी परिवार के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक महोत्सव में क्षेत्र भक्ति, भाव और आध्यात्मिक रस से सराबोर होगा।

इस आयोजन में दुर्ग के सुप्रसिद्ध कथावाचक सागर चौबे अपनी मधुर वाणी से श्रीमद् भागवत महापुराण की कथा का रसपान कराएंगे, जबकि आचार्य कपिल देव पाण्डेय विधि-विधान से अनुष्ठान संपन्न कराएंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत 27 मार्च को भव्य कलश यात्रा के साथ होगी।

सात दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा। इसमें श्रीराम व श्रीकृष्ण जन्म उत्सव, नंदोत्सव, गोवर्धन लीला, रासलीला एवं रुक्मिणी विवाह जैसे प्रसंगों को झांकियों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। 2 अप्रैल को सुदामा चरित्र, हवन और सहस्रधारा के साथ कथा का समापन होगा।

विशेष बात यह है कि प्रतिदिन भागवत कथा के पश्चात रात्रि 9 बजे से रामायण पाठ का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे श्रद्धालु द्विगुणित आध्यात्मिक आनंद प्राप्त कर सकेंगे।

कार्यक्रम का आयोजन मेन रोड दादरखुर्द, प्राथमिक शाला के समीप किया जाएगा। दोपहर 3 बजे से कथा प्रारंभ होगी।

इस आयोजन के मुख्य यजमान लक्ष्मीकांत त्रिवेदी एवं गीता देवी त्रिवेदी हैं, जबकि आयोजन की जिम्मेदारी मनहरण प्रसाद त्रिवेदी सहित समस्त त्रिवेदी परिवार और ग्रामवासियों द्वारा निभाई जा रही है।

आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।