नकाबपोश चोर ने आधी रात आंगन से उड़ाई बाइक, साइकिल-चप्पल छोड़कर फरार: सिंचाई कॉलोनी में आधी रात चोरी,सीसीटीवी में कैद वारदात”

कोरबा। रामपुर थाना क्षेत्र की सिंचाई कॉलोनी में आधी रात एक नकाबपोश चोर ने घर के आंगन में खड़ी बाइक पर हाथ साफ कर दिया। करीब 3:35 बजे घर में घुसा आरोपी बाइक लेकर फरार हो गया, लेकिन जाते-जाते अपनी साइकिल और चप्पल वहीं छोड़ गया। चोरी की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

सिंचाई विभाग में मानचित्रकार के पद पर कार्यरत गिरधारी लाल खरिया सिंचाई कॉलोनी के क्वार्टर नंबर A1-3 में रहते हैं। रोजाना की तरह उन्होंने अपनी बाइक घर के आंगन में खड़ी की थी। रात के सन्नाटे में नकाबपोश युवक घर के आंगन तक पहुंचा और बाइक को निकालकर मौके से निकल गया।

सुबह जब परिवार के लोगों ने आंगन में देखा तो बाइक गायब थी। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। फुटेज में आरोपी चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए दिखाई दे रहा है। वह बाइक को आंगन से बाहर निकालता है और फिर उसे लेकर फरार हो जाता है।

साइकिल-चप्पल बनी पुलिस के लिए सुराग
वारदात के दौरान आरोपी अपनी साइकिल और चप्पल मौके पर ही छोड़ गया। अब पुलिस इन्हीं सामानों के साथ सीसीटीवी फुटेज को जांच का अहम आधार मानकर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पीड़ित की शिकायत पर रामपुर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और चोरी गई बाइक की तलाश भी की जा रही है।

चोरी की घटनाओं से कॉलोनी में बढ़ी चिंता
स्थानीय लोगों के मुताबिक सिंचाई कॉलोनी और आसपास के रामपुर क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता बढ़ रही है। पूर्व पार्षद पालू राम साहू ने बताया कि कुछ दिन पहले कॉलोनी के एक सूने मकान में भी चोरी हुई थी। क्षेत्र में बाइक चोरी और मकानों को निशाना बनाए जाने की अन्य घटनाओं का भी लोगों ने उल्लेख किया।

स्थानीय लोगों के अनुसार गणेश उत्सव के दौरान तीजा के दिन रामपुर जंगल बस्ती में एक सूने मकान का ताला तोड़कर नकदी और जेवर चोरी किए गए थे। लोगों का दावा है कि इस मामले में भी अब तक आरोपी पकड़ में नहीं आए हैं।

लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं को लेकर कॉलोनीवासियों और जनप्रतिनिधियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने और लंबित चोरी के मामलों में त्वरित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज और मौके से मिले सामान के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।