एक घंटा श्रमदान से स्वच्छता का संदेश, हुंकरा में ग्रामीणों ने संवारा मां कोसगई मंदिर परिसर
कटघोरा। “स्वच्छता अपनाएंगे, तभी स्वस्थ और सुखी रहेंगे।” इसी संदेश के साथ गुरुवार को जनपद पंचायत कटघोरा के ग्राम हुंकरा स्थित मां कोसगई मंदिर परिसर में सामूहिक श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया गया।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के दिशा-निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में यहां ब्लॉक स्तरीय ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सुबह 8 से 9 बजे तक चले अभियान में जनप्रतिनिधियों, पंचायत एवं प्रशासनिक अधिकारियों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं और ग्रामीणों ने एकजुट होकर मंदिर परिसर तथा मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग की साफ-सफाई की। श्रमदान के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने और कचरे के उचित निपटान के लिए प्रेरित किया गया।


स्वच्छता से स्वास्थ्य और परिवार की आर्थिक सुरक्षा
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रवि रजक ने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ जीवन की पहली सीढ़ी है। अस्वच्छ वातावरण के कारण बीमारियां बढ़ती हैं और परिवार की आय का एक हिस्सा उपचार पर खर्च हो जाता है। इसका सीधा असर परिवार की आर्थिक स्थिति पर पड़ता है। इसलिए स्वच्छता को केवल अभियान नहीं, बल्कि दैनिक जीवन की आदत बनाने की जरूरत है।
उन्होंने ग्रामीणों से अपने घर के साथ गली-मोहल्ले, आसपास के क्षेत्र और पूरे गांव को स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि घरों से निकलने वाले चार प्रकार के कचरे को स्वच्छताग्रही दीदियों को सौंपकर उसका उचित निपटान कराया जाए। साथ ही स्वच्छता व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए निर्धारित स्वच्छता शुल्क भी स्वच्छताग्रही दीदियों को देने की अपील की।
जनप्रतिनिधियों से लेकर स्व-सहायता समूह की दीदियों ने निभाई भागीदारी
कार्यक्रम में जनपद पंचायत कटघोरा के सीईओ के.के. श्रीवास, सहायक विकास विस्तार अधिकारी रमेश कुमार शिवालय एवं शिवशंकर मरकाम, ग्राम हुंकरा की सरपंच गनेश्वरी कंवर, कार्यक्रम अधिकारी वीबीग्राम योगेश चन्द्रा, एसबीएम (जी) विकासखंड समन्वयक, प्रधानमंत्री आवास योजना की बीसी शालिनी कंवर, एनआरएलएम क्षेत्रीय समन्वयक कमल कांत कश्यप एवं फूल कुमारी, तकनीकी सहायक आरती पाण्डेय, पूर्व सरपंच श्रवण सिंह कंवर, उपसरपंच बाबूराम यादव, पंचायत सचिव सुकलाल चौहान सहित एनआरएलएम की सक्रिय महिला सदस्य, स्व-सहायता समूह की दीदियां और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
सामूहिक श्रमदान के जरिए ग्रामीणों ने यह संदेश दिया कि स्वच्छ गांव केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी से ही बनाया जा सकता है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















