कोरबा। कोरबा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर एक गर्भवती महिला के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मामले को संज्ञान में लिया है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति महिला के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। घटना के दौरान ड्यूटी पर तैनात रेलवे कर्मचारी ने हस्तक्षेप कर महिला को वहां से अलग किया।
जानकारी के अनुसार पति-पत्नी दोनों रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर बैठे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पति ने अपनी गर्भवती पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। वायरल वीडियो में महिला खुद को बचाने का प्रयास करती नजर आ रही है।
स्थिति बिगड़ती देख ड्यूटी पर मौजूद रेलवे कर्मचारी ने तत्काल हस्तक्षेप किया और महिला को उसके पति से अलग कराया। आसपास मौजूद लोगों ने भी घटना का विरोध करते हुए स्थिति को संभालने का प्रयास किया। इसी दौरान वहां मौजूद एक यात्री ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद आरपीएफ ने लिया संज्ञान
वायरल वीडियो के आधार पर आरपीएफ ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार प्लेटफॉर्म पर उस समय ड्यूटी में मौजूद रेलवे कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही वीडियो में दिखाई दे रहे महिला और पुरुष की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल महिला और उसके पति की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। विवाद किस कारण शुरू हुआ और मारपीट की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
आरपीएफ के अनुसार उपलब्ध वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















