कोरबा। अग्रवाल सभा द्वारा महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर आयोजित खेल महाकुंभ में विभिन्न प्रतियोगिताओं का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में अग्रवाल महिला मंडल की ओर से ‘गोवर्धन संस्कृति, श्रद्धा, सृजन एवं सज्जा’ तथा ‘फुदकते कदम, उड़ता बैलून’ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। दोनों प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साह और रचनात्मकता के साथ हिस्सा लिया।
गोबर से बनाया आकर्षक गोवर्धन
भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और पारंपरिक विरासत को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित गोवर्धन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने गोबर से गोवर्धन पर्वत का स्वरूप तैयार किया। इसके बाद विभिन्न रंगों, प्राकृतिक सामग्रियों और पारंपरिक सजावटी वस्तुओं का उपयोग कर आकर्षक ढंग से सजावट की गई।
प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों में रचनात्मकता और कलात्मक कौशल के साथ भारतीय धार्मिक परंपराओं के प्रति आस्था की झलक दिखाई दी। आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ पारंपरिक कला एवं सृजनात्मकता को बढ़ावा देना रहा। वहीं प्राकृतिक सामग्री के रूप में गोबर के उपयोग के माध्यम से प्रकृति के प्रति सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
तंगड़ी दौड़ और गुब्बारे के खेल ने बढ़ाया रोमांच
महिला मंडल द्वारा आयोजित ‘फुदकते कदम, उड़ता बैलून’ प्रतियोगिता में तंगड़ी दौड़ और गुब्बारे से जुड़े मनोरंजक खेल कराए गए। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ हिस्सा लिया। तंगड़ी दौड़ में प्रतिभागियों ने एक पैर पर उछलते हुए निर्धारित लक्ष्य तक पहुंचने का प्रयास किया, वहीं गुब्बारे से जुड़ी गतिविधियों ने माहौल को और मनोरंजक बना दिया।
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने फुर्ती, संतुलन और खेल भावना का प्रदर्शन किया। हंसी-ठिठोली और उत्साह से आयोजन स्थल का वातावरण आनंदमय बना रहा।
आगे भी होंगे विविध आयोजन
अग्रवाल सभा के मीडिया प्रभारी अनिल अग्रवाल ने बताया कि 1 अक्टूबर को अग्रवाल महिला मंडल द्वारा ‘आंगन सजाओ’ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं संभागीय अग्रवाल महिला मंडल की ओर से ‘वर्तमान परिवेश में विवाह के लिए बच्चियों का महानगरों एवं संपन्न घरों का सपना परेशान होता समाज’ विषय पर परिचर्चा आयोजित होगी।
इसके अलावा नवयुवक मंच द्वारा ‘नटखट बल्लेबाजी’ प्रतियोगिता का आयोजन श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय में किया जाएगा। अग्रवाल सभा के अनुसार खेल महाकुंभ के माध्यम से सामाजिक, सांस्कृतिक और मनोरंजक गतिविधियों को एक मंच प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















