चुईया में स्वास्थ्य शिविर: एचटीपीएस ने ग्रामीणों को दिया चिकित्सकीय परामर्श, 100 लोग लाभान्वित

कोरबा। हसदेव ताप विद्युत संयंत्र (एचटीपीएस) कोरबा पश्चिम की ओर से ग्राम चुईया में स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिए गए।

अतिरिक्त मुख्य अभियंता एम.के. गुप्ता ने बताया कि यह शिविर विशेष रूप से निगमित पर्यावरणीय उत्तरदायित्व (सीईआर) के अंतर्गत लगाया गया है। उन्होंने कहा कि लोग इसका लाभ लेकर निरोगी जीवन जी सकें, यही हमारा उद्देश्य है।

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनी की नई परियोजना (2×660 मेगावाट) के तहत समीपस्थ 11 गांवों में सीईआर कार्यों को जमीनी स्तर पर पहुंचाया जा रहा है। इसी श्रृंखला में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में एनकेएच हॉस्पिटल, कोरबा के न्यूरो फिजिशियन डॉ. मनीष गोयल ने माइग्रेन एवं अन्य बीमारियों के लक्षण और उपचार के उपाय बताए। त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. जय बावने, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रेणु कौशिक तथा चिकित्सा सलाहकार डॉ. एस.सी. खरे ने भी अपनी बात रखी।

शिविर में अतिरिक्त मुख्य अभियंता एम.के. गुप्ता, परियोजना प्रबंधक एस.के. पंड्या सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर का लाभ लगभग 100 ग्रामीणों ने उठाया।