कोरबा। एनटीपीसी की राखड़ पाइपलाइन एक बार फिर फूटने से खेतों में बड़ी मात्रा में फ्लाई ऐश फैल गई है। हालांकि इस समय खेतों में फसल नहीं होने से तत्काल नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन यदि राखड़ को समय रहते नहीं हटाया गया तो आने वाले खरीफ मौसम में खेती प्रभावित हो सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन और एनटीपीसी प्रबंधन से जल्द से जल्द राखड़ हटाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, पंडरीपानी के पास स्थित राखड़ पाइपलाइन फूटने से धनरास और आसपास के खेतों में फ्लाई ऐश फैल गई।
स्थानीय युवक ने बताया कि पाइपलाइन में बार-बार लीकेज की समस्या आती रहती है। हाल ही में पाइपलाइन की मरम्मत कर दी गई है, लेकिन खेतों में बिखरी राखड़ को हटाने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि खेतों के ऊपरी हिस्से में भी राखड़ डंप की जा रही है, जिससे बारिश के दौरान यह बहकर खेतों में फैलने की आशंका बनी हुई है। इसके अलावा धनरास और आसपास के गांवों में पानी के सीपेज की समस्या भी लगातार बनी रहती है।
एनटीपीसी प्रबंधन द्वारा प्रभावित किसानों को क्षतिपूर्ति राशि दी जाती रही है, लेकिन ग्रामीण अब स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं। इससे पहले एचटीटीपी पावर प्लांट के झाबु राखड़ डैम फूटने की घटना में लाखों टन राखड़ नदी में बह गया था, जिसके बाद सिंचाई विभाग ने प्रबंधन पर करीब 18 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















