जनगणना-2027: फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण शुरू, नागरिक स्वयं कर सकेंगे ‘स्व-गणना’

कोरबा, 23 मार्च 2026। जनगणना-2027 की तैयारियों के पहले चरण को सफल बनाने के लिए कोरबा जिले में फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आज से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शुरू हो गया है। यह प्रशिक्षण 23 से 25 मार्च तक चलेगा।

प्रशिक्षण का शुभारंभ जिला जनगणना अधिकारी ओंकार यादव ने किया। उन्होंने उपस्थित फील्ड ट्रेनर्स को संबोधित करते हुए आगामी जनगणना की महत्ता और इसकी डिजिटल प्रकृति पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 पूरी तरह डिजिटल माध्यम से होगी, जिसमें ‘स्व-गणना’ का विशेष प्रावधान है। इसके तहत नागरिक स्वयं पोर्टल पर परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे, जिससे प्रक्रिया अधिक सटीक, पारदर्शी और सुगम होगी।

रायपुर जनगणना निदेशालय से आए मास्टर ट्रेनर बैद्यनाथ कुमार और जिले के नामित मास्टर ट्रेनर डॉ. विजय शर्मा ने नगरीय प्रभार के कुल 22 फील्ड ट्रेनर्स को विस्तृत प्रशिक्षण दिया। इन ट्रेनर्स को एचएलओ ऐप (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन ऐप) के उपयोग, डेटा प्रविष्टि के विभिन्न तकनीकी चरणों, त्रुटि सुधार, गोपनीयता और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर गहन जानकारी दी गई।

ये 22 फील्ड ट्रेनर्स आगे चलकर कोरबा नगर पालिक निगम, दीपका, कटघोरा, बाकी मोंगरा और छुरीकला नगर पंचायत के प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षित करेंगे। प्रशिक्षण में व्यावहारिक सत्रों के माध्यम से ऐप का हैंड्स-ऑन उपयोग भी कराया गया ताकि मैदानी स्तर पर कोई तकनीकी समस्या न आए।

जिला जनगणना अधिकारी ने सभी ट्रेनर्स से अपील की कि वे जनगणना की शुचिता, गोपनीयता और सटीकता बनाए रखें तथा समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करें।