कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी द्वारा चलाई जा रही मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना का लाभ अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए पाली सब-डिवीजन में विशेष समाधान शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने स्वयं भाग लिया और उपभोक्ताओं को योजना का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
शिविर में कुल 20 पात्र उपभोक्ताओं ने 1 लाख 29 हजार रुपये जमा किए, जिसके बदले उन्हें योजना के तहत 3 लाख 48 हजार रुपये की छूट प्रदान की गई। यह योजना कोरोना काल में आर्थिक संकट से प्रभावित निम्नदाब घरेलू, बीपीएल एवं कृषि उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए चलाई जा रही है। योजना के तहत बकाया बिल पर पूरा सरचार्ज माफ किया जाता है और बिल राशि में 50% तक की छूट दी जाती है।
शिविर के दौरान ग्राम केराझरिया निवासी उपभोक्ता जगत प्रसाद की पुत्री ने बताया कि कोरोना काल और अन्य आर्थिक कारणों से वे बकाया बिल जमा नहीं कर पा रही हैं, जिससे योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा था। स्थिति से अवगत होने पर प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर की पत्नी श्रीमती मंजुला सिंह कंवर ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए उपभोक्ता के बकाया 8,022 रुपये स्वयं जमा कर दिए।
इस सहायता से उपभोक्ता का पूरा बिजली बिल शून्य हो गया।
शिविर में ज्ञान सिंह राजपाल, प्रयाग नारायण सिंह, ए.के. अंबस्ट (कार्यपालक निदेशक, बिलासपुर), बी.के. सरकार (अधीक्षण यंत्री, कोरबा), अंशु वार्शने (कार्यपालन यंत्री, कटघोरा), शेखर सोनी (सहायक अभियंता, कटघोरा), एन.पी. सोनी (सहायक अभियंता, पाली), सुश्री मुंजि तिग्गा (कनिष्ठ अभियंता, पाली) सहित विभाग के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















