एकलशिक्षकीय विद्यालय छपराही पारा में नई शिक्षिका की ज्वाइनिंग: अब पढ़ाई हुई बेहतर, बच्चों में उत्साह

कोरबा। कोरबा जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम छपराही पारा के प्राथमिक शाला में वर्षों से चल रही एकलशिक्षकीय व्यवस्था अब समाप्त हो गई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा लागू युक्तियुक्तकरण योजना के तहत विद्यालय में नई शिक्षिका गायत्री कुर्रे की नियुक्ति हो गई है। इस बदलाव से विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता में साफ सुधार दिखाई देने लगा है।

विद्यालय में कुल 41 बच्चे पंजीकृत हैं, जिनमें अधिकांश वनांचल क्षेत्र के अनुसूचित जनजाति परिवारों से हैं। पहले हेडमास्टर गुरदीप सिंह नेताम अकेले ही सभी कक्षाओं को पढ़ाते थे, जिससे बच्चों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलने में कठिनाई होती थी। लेकिन नई शिक्षिका के आने से अब अलग-अलग कक्षाओं की पाठ्यक्रम अनुसार नियमित पढ़ाई हो रही है।

कक्षा 5 की छात्रा सुहानी, अजिया, कक्षा 4 की निशा और आराध्या, छात्र रोशन, मनीष तथा कक्षा 3 की सौम्या ने उत्साह से बताया कि “नई मैडम आने से पढ़ाई बहुत अच्छी हो गई है। पहले एक ही टीचर होने से कई बार समझ नहीं आता था, लेकिन अब सब कुछ आसान और मजेदार हो गया है।”

हेडमास्टर गुरदीप सिंह नेताम ने बताया कि युक्तियुक्तकरण योजना से विद्यालय को नई ऊर्जा मिली है। अब दोनों शिक्षक मिलकर बच्चों को बेहतर ढंग से पढ़ा पा रहे हैं, जिससे सीखने का माहौल और मजबूत हुआ है।

यह सफलता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की शिक्षा सुधार नीतियों का जीवंत उदाहरण है, जिससे प्रदेश के सैकड़ों एकलशिक्षकीय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर हो रही है और हजारों बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल रही है।