कटघोरा: जरूरतमंदों को मिलेगी राहत, लायंस क्लब ने शुरू की निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा

कोरबा। कटघोरा नगर क्षेत्र में जनसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए लायंस क्लब कटघोरा-छुरी द्वारा निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा का शुभारंभ किया गया।

उक्त कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद पटेल थे, जबकि नगर पालिका कटघोरा अध्यक्ष राज जायसवाल एवं नगर निरीक्षक धर्मनारायण तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया।

क्लब संरक्षक ने रखी सेवा की आवश्यकता
कार्यक्रम के दौरान संचालन कर रहे क्लब के संरक्षक अजय धनोदिया ने स्वागत उद्बोधन देते हुए अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय का स्वागत किया तथा निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा की आवश्यकता और उसके उद्देश्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह सेवा नगर और आसपास के क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों के लिए आपातकालीन परिस्थितियों में अत्यंत उपयोगी साबित होगी और समय पर मरीजों को अस्पताल पहुँचाने में मदद करेगी।

विधायक ने की पहल की प्रशंसा
मुख्य अतिथि विधायक प्रेमचंद पटेल ने अपने उद्बोधन में लायंस क्लब की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज सेवा के ऐसे कार्य लोगों के जीवन को बचाने और जरूरतमंदों की सहायता करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने क्लब के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को इस जनहितकारी कार्य के लिए बधाई दी।

नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा- प्रेरणादायक पहल
विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल ने भी अपने संबोधन में कहा कि लायंस क्लब द्वारा शुरू की गई यह निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा नगरवासियों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगी। उन्होंने क्लब की इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए इसकी सराहना की और कहा कि नगर के लिए यह सम्मान की बात है कि ऐसी संस्था नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार निःस्वार्थ भाव से सेवा के कार्य कर रही है।

वाटर कूलर की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान क्लब के द्वारा गर्मी को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल से एक नग वाटर कूलर की मांग की गई, जिस पर अध्यक्ष ने तत्काल अपने अध्यक्ष निधि से 1 नग वाटर कूलर देने की घोषणा की। इस पर उपस्थित सभी जनसमुदाय ने ताली बजाकर अभिनंदन किया।

इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री संजय शर्मा, मण्डल अध्यक्ष अभिषेक गर्ग, सहायक निरीक्षक राजेन्द्र सिंह राजपूत, समंजित सिंह, अनुराग दुहलानी, मनोज नायडू, सर्वजीत सिंह, अमित जायसवाल, मंदीप जायसवाल, रूपेश जायसवाल, मनोज दुबे, डाकेश्वर शुक्ला, क्लब अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, संरक्षक अजय धनोदिया, अजय गर्ग, दीपक गर्ग, कोषाध्यक्ष राकेश गोयल, डॉ. गोपाल बन गोस्वामी, मुकेश गोयल, नरेंद्र अग्रवाल, राकेश शर्मा सहित क्लब के सभी सदस्यगण एवं नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।