मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत तीन मार्गों को मिली प्रशासकीय स्वीकृति, करतला और पोड़ी-उपरोड़ा के ग्रामीणों को मिलेगा लाभ
कोरबा।जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर हो चुकी सड़कों को बेहतर बनाने की दिशा में शासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत तीन ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण के लिए 5 करोड़ 72 लाख 19 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। पांच वर्ष की अवधि पूरी कर चुकी इन सड़कों की कुल लंबाई 18.80 किलोमीटर है। सड़कें मजबूत होने से ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों और हाथी प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
स्वीकृत कार्यों में करतला विकासखंड की केराकछार-मौहार सड़क के 3.24 किलोमीटर हिस्से के सुदृढ़ीकरण के लिए 1 करोड़ 2 लाख 76 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। इसी विकासखंड की पिड़िया-बड़मार सड़क के 7.36 किलोमीटर हिस्से के लिए 2 करोड़ 22 लाख 81 हजार रुपये की स्वीकृति मिली है।
वहीं पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड की गिद्धमुड़ी-कोटखर्री सड़क के 8.20 किलोमीटर हिस्से के सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ 46 लाख 62 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
स्कूल, अस्पताल और बाजार तक पहुंच होगी आसान
पीएमजीएसवाई के कार्यपालन अभियंता सीएस तंवर के अनुसार ग्रामीण सड़कें गांवों को मुख्य मार्गों और जरूरी सेवाओं से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सड़कों के सुदृढ़ होने से ग्रामीणों को बाजार, विद्यालय, महाविद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा होगी।
सड़क संपर्क बेहतर होने से विद्यार्थियों का नियमित आवागमन आसान होगा। किसानों और श्रमिकों को अपने कामकाज के साथ कृषि उपज एवं अन्य सामग्री बाजार तक पहुंचाने में भी सहूलियत मिलेगी। वर्षभर बेहतर सड़क संपर्क मिलने से ग्रामीणों के दैनिक आवागमन में भी सुधार होगा।
हाथी प्रभावित क्षेत्रों में भी बढ़ेगी संपर्क सुविधा
स्वीकृत सड़कों में कुछ मार्ग ऐसे क्षेत्रों में हैं, जहां जंगली हाथियों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क ग्रामीणों के लिए विशेष महत्व रखता है।
आपात स्थिति में स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में मजबूत सड़कें उपयोगी साबित होंगी।
इसके अलावा वन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों और मैदानी अमले को प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचने में भी सुविधा होगी। हालांकि हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर होने के साथ स्थानीय लोगों के लिए सतर्कता और सुरक्षा उपायों का पालन भी जरूरी रहेगा।
पुरानी सड़कों को निर्धारित मापदंडों से किया जाएगा मजबूत
योजना के तहत पुरानी एवं क्षतिग्रस्त ग्रामीण सड़कों का निर्धारित मापदंडों के अनुसार सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
इससे ग्रामीण अधोसंरचना मजबूत होने के साथ गांवों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध होगा। सड़कें मजबूत होने से ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों, श्रमिकों और अन्य स्थानीय निवासियों को दीर्घकालीन लाभ मिलने की उम्मीद है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















