मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ, बोले- खेल व्यक्तित्व विकास और बेहतर स्वास्थ्य का सशक्त माध्यम
कोरबा। शहर के एकलव्य स्पोर्ट्स एरीना खेल परिसर में योनेक्स सनराइज जीएच रायसोनी मेमोरियल 25वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप- 2026 का शुभारंभ हुआ। अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग की इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 150 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राज्य स्तर पर खेल कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।
मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया शुभारंभ
जिला बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में दोपहर 3 बजे आयोजित उद्घाटन समारोह में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल अच्छे स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में खेल भावना और अनुशासन के साथ हिस्सा लेने तथा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
कोरबा में खेल गतिविधियों को मिल रहा बढ़ावा
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि कोरबा में खेलों के लिए बेहतर वातावरण तैयार हो रहा है। वहीं, निगमायुक्त आशुतोष पांडेय ने बताया कि नगर निगम खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए कार्य कर रहा है। इस तरह के आयोजन खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देने के साथ शहर में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने में भी सहायक हैं।
समारोह में पार्षद नरेंद्र देवांगन, प्रफुल्ल तिवारी और नीरज कौशिक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कोरबा जिला बैडमिंटन संघ के संरक्षक अशोक शर्मा, अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, महेश गुप्ता, एकलव्य स्पोर्ट्स एरीना के अध्यक्ष डॉ. संजय अग्रवाल, केडीबीए सचिव मनीष गुप्ता, डॉ. राजीव सिंह, सोनल फेलिक्स, गोपाल शर्मा, शीरीन लाखे, सुधीर रेगे, स्वाति रेगे, कल्पना फेलिक्स, डॉ. प्रभात पाणिग्रही, अवधेश यादव, देव कुमार पैंकरा, संजय शाह और सूर्यकांत ठाकुर सहित संघ के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन अमित बनर्जी ने किया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के आयोजन से कोरबा को खेल गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में आगे बढ़ाने और उभरते बैडमिंटन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलने की उम्मीद है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















