कोरबा। ग्राम बरबसपुर का चौक अब सोलर हाईमास्ट लाइट की रोशनी से जगमगा उठा है। क्रेडा विभाग द्वारा स्थापित हाईमास्ट लाइट से चौक और आसपास के क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था बेहतर हुई है। इससे ग्रामीणों को रात के समय आवागमन में राहत मिली है। पहले शाम ढलते ही चौक और आसपास के हिस्सों में पर्याप्त रोशनी नहीं होने से लोगों को परेशानी होती थी, लेकिन अब अंधेरे की समस्या से काफी हद तक निजात मिली है।
शाम होते ही छाने वाला अंधेरा अब दूर
बरबसपुर चौक गांव के लोगों की आवाजाही का प्रमुख स्थान है। यहां पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण रात में पैदल चलने वालों और जरूरी काम से बाहर निकलने वाले ग्रामीणों को असुविधा का सामना करना पड़ता था। सोलर हाईमास्ट लाइट स्थापित होने से सड़क और चौक का क्षेत्र रोशन हो रहा है। इससे रास्ता स्पष्ट दिखाई देता है और ग्रामीणों के लिए रात में आवागमन करना पहले से अधिक सुविधाजनक हुआ है।
सौर ऊर्जा से रोशन रहेगा चौक
इस हाईमास्ट लाइट की खासियत यह है कि यह सौर ऊर्जा से संचालित होती है। इसके लिए नियमित बिजली आपूर्ति पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं पड़ती और बिजली बिल का अतिरिक्त खर्च भी नहीं आता। बैटरी बैकअप की सुविधा के चलते मौसम खराब होने या बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में भी रोशनी उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।
ग्रामीणों को मिली सुविधा, ऊर्जा बचत को भी बढ़ावा
बरबसपुर चौक में सोलर हाईमास्ट की स्थापना से गांव में सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था को मजबूती मिली है। रात के समय चौक और आसपास पर्याप्त रोशनी रहने से लोगों की आवाजाही आसान हुई है। वहीं, सौर ऊर्जा के उपयोग से पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम करने की दिशा में भी यह व्यवस्था उपयोगी है। क्रेडा विभाग की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र में सुविधा और ऊर्जा बचत, दोनों को बढ़ावा मिला है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















