मड़वारानी मंदिर के समीप प्याऊ का शुभारंभ, श्रद्धालुओं को गर्मी में मिलेगी राहत

कोरबा। चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन मड़वारानी मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और राहगीरों को भीषण गर्मी से राहत देने के लिए सेवा का सराहनीय कार्य किया गया। लायंस क्लब कोरबा गुरूकुल एवं नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल खरहरकुड़ा (मड़वारानी) के संयुक्त तत्वावधान में मंदिर के समीप प्याऊ का शुभारंभ किया गया।

शुभारंभ के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए शरबत और स्वल्पाहार की भी व्यवस्था की गई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजकुमार अग्रवाल (चेयरमेन, लायंस पब्लिक स्कूल खरहरकुड़ा) के नेतृत्व में हुआ, जिसमें लायंस क्लब के पदाधिकारी, स्कूल के प्राचार्य, शिक्षकगण और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी संस्था द्वारा शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है, ताकि गर्मी में मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और राहगीरों को राहत मिल सके।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि भीषण गर्मी में लोगों को पानी पिलाना पुण्य का कार्य है और इस छोटे से प्रयास से जरूरतमंदों को राहत पहुंचाना ही उनका उद्देश्य है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही, जिन्होंने इस पहल की सराहना की।