थाने से चंद कदम दूर मुख्य सड़क पर वारदात; होटल से 14 हजार नकद, चांदी की पायल और सामान पार, किराना दुकान से चावल ले गए
कोरबा। दर्री थाना क्षेत्र के सिंचाई कॉलोनी चौक में चोरों ने 5 और 6 अक्टूबर की दरमियानी रात एक साथ दो दुकानों को निशाना बनाया। दुर्गा मंदिर के पास स्थित गंगा होटल और मोती किराना दुकान का ताला व टीन का छप्पर तोड़कर चोर अंदर दाखिल हुए और नकदी समेत सामान लेकर फरार हो गए। खास बात यह है कि दोनों दुकानें दर्री थाना से कुछ ही दूरी पर मुख्य सड़क पर स्थित हैं।
बरसी के लिए रखे 14 हजार भी ले गए
गंगा होटल के संचालक सुजीत साहू के मुताबिक, आगामी 26 अक्टूबर को उनकी स्वर्गीय माता की बरसी है। आयोजन के लिए उन्होंने करीब 14 हजार रुपये जोड़कर गल्ले में रखे थे। इसमें छोटे नोट और सिक्के भी शामिल थे। चोर गल्ले में रखी पूरी रकम ले गए।
इसके अलावा दुकान से चांदी की भारी पायल, सिगरेट और अन्य सामान भी चोरी होने की जानकारी दी गई है। सुजीत के अनुसार, चोर पीछे की ओर से दुकान में दाखिल हुए।
उन्होंने पहले टीन का छप्पर तोड़ा और अंदर घुसने के बाद ऊपर ईंटें इस तरह रख दीं कि बाहर से घटना का तत्काल पता न चले।
किराना दुकान से दो कट्टा चावल पार
इसी रात चोरों ने पास स्थित मोती किराना दुकान को भी निशाना बनाया। यहां से दो कट्टा चावल चोरी होने की जानकारी सामने आई है। दोनों घटनाओं को लेकर अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई है।
सुबह करीब 7:30 बजे दुकानदारों को चोरी का पता चला।
इसके बाद उन्होंने दर्री थाना पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।
दो पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। दुकानदारों के अनुसार, उन्हें बाद में थाना आने के लिए कहा गया। करीब 11 बजे विवेचक के पहुंचने के बाद दोनों दुकान संचालकों के बयान दर्ज किए गए और जांच शुरू हुई।
दुकानदार ने जताई किसी जानकार के शामिल होने की आशंका
गंगा होटल संचालक सुजीत साहू ने घटना में किसी जानकार व्यक्ति के शामिल होने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि चोरों ने पीछे के रास्ते से प्रवेश किया और दुकान के छप्पर को तोड़कर अंदर पहुंचने का तरीका अपनाया, जिससे उन्हें रास्ते और दुकान की संरचना की जानकारी होने का संदेह है। उन्होंने पुलिस को पीछे की ओर से आने-जाने वाले रास्ते की जानकारी भी दी है।
सुजीत ने आरोप लगाया कि चोरी की सूचना तत्काल देने के बावजूद कार्रवाई शुरू होने में समय लगा। उन्होंने थाना प्रभारी और सीएसपी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। बाद में उच्च अधिकारियों को सूचना दिए जाने की बात भी उन्होंने कही है।
पुलिस ने कहा- जांच जारी
दर्री थाना प्रभारी तेज कुमार यादव ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। प्रार्थियों के बयान दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच-पड़ताल जारी है।
थाने से कुछ ही दूरी पर मुख्य मार्ग स्थित दो दुकानों में एक ही रात चोरी की घटना सामने आने से क्षेत्र में रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अब चोरी के तरीके, संभावित रास्ते और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















