जटगा मोड़ के पास दर्दनाक हादसा; हेलमेट पहने होने के बावजूद नहीं बच सकी जान, पुलिस ने शुरू की जांच
कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के जटगा मोड़ (कसनिया) के पास मंगलवार सुबह करीब 9 बजे दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, युवक मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-10सीबी-8621 से बिलासपुर की ओर से अंबिकापुर जा रहा था। इसी दौरान ओवरटेक करते समय वह तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आ गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि हेलमेट पहने होने के बावजूद युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की प्रारंभिक पहचान निराला गुप्ता, पिता रमेश गुप्ता, निवासी रामानुजगंज क्षेत्र के रूप में हुई है। बताया गया कि वह बलरामपुर जिले के रामानुजगंज क्षेत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ा हुआ था।
हादसे के बाद सड़क पर लगा जाम
दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और सड़क पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। ट्रेलर चालक की भूमिका के साथ ही हादसे के समय मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















