टीवी बनवाने के बहाने नाबालिग छात्रा को ले गया युवक, जंगल में दुष्कर्म की कोशिश

कोरबा-दर्री। दर्री थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार शाम 12 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव का परिचित युवक टीवी बनवाने के बहाने छात्रा को अपने साथ ले गया और लौटते समय जंगल के पगडंडी मार्ग पर उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया।

छात्रा ने आरोपी की मंशा भांपते हुए किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई और घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। मामले में पुलिस कार्रवाई कर रही है और आरोपी फरार बताया जा रहा है।

टीवी बनवाने के बहाने अपने साथ ले गया
बताया गया कि गांव की 12 वर्षीय छात्रा के दादा का टीवी खराब था। दादा के कहने पर छात्रा गांव के ही युवक नंदू को बुलाने गई थी, जो टीवी बनाने का काम करता है। शाम करीब 6 बजे नंदू छात्रा के दादा के पास पहुंचा और टीवी देखने के बाद उसे पास के पुनर्वास गांव में किसी टीवी मैकेनिक के पास ले जाने की बात कही।

आरोप है कि इसके बाद युवक छात्रा पर साथ चलने के लिए दबाव डालने लगा। दोनों टीवी लेकर पैदल पुनर्वास गांव पहुंचे और वहां संबंधित मैकेनिक के पास टीवी छोड़कर वापस गांव के लिए निकल पड़े।

पगडंडी से जंगल की ओर ले गया
वापसी के दौरान युवक ने छात्रा को मुख्य रास्ते के बजाय दूसरे रास्ते से चलने के लिए कहा। उसने जल्द गांव पहुंचने की बात कहकर छात्रा को पगडंडी के रास्ते जंगल की ओर ले गया। शाम करीब 7 बजे जंगलनुमा रास्ते में आरोपी ने छात्रा के साथ कथित तौर पर जबरदस्ती करने की कोशिश की।

छात्रा ने युवक की मंशा भांपकर हिम्मत दिखाई और किसी तरह वहां से भागकर अपने घर पहुंची। उसने परिजनों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद गांव में आक्रोश फैल गया।

परिजनों ने पकड़कर कमरे में किया बंद, रात में फरार
घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्रा के परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से आरोपी युवक को पकड़ लिया। उसे उसके ही घर के एक कमरे में बंद कर बाहर से सिटकनी लगा दी गई। बताया जा रहा है कि रात के दौरान आरोपी कमरे से निकलकर फरार हो गया।

इधर, बुधवार सुबह छात्रा के परिजन दर्री थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश की जा रही है।

मामले में नाबालिग से जुड़े प्रावधानों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत और जांच के आधार पर मामले के तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।