अंतरक्षेत्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता काआगाज,मुख्यअभियंता कोसरिया ने कहा- जीत खेल भावना की हो

कोरबा । छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कंपनीज की अंतरक्षेत्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अभियंता एच.एन. कोसरिया के मुख्य आतिथ्य में हुआ। यह प्रतियोगिता 21 से 24 मार्च तक आयोजित की जाएगी, जिसकी मेजबानी अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह (एबीवीटीपीएस) मड़वा कर रहा है।

जूनियर क्लब में आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्य अभियंता ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने का संदेश देते हुए कहा कि खेल में हार-जीत लगी रहती है, लेकिन असली जीत खेल भावना की होती है।

इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य अभियंता आलोक लकरा, एन. लकरा एवं केंद्रीय पर्यवेक्षक प्रशांत बापट की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रतियोगिता शुरू होने से पूर्व मुख्य अभियंता द्वारा नवनिर्मित बैडमिंटन कोर्ट का भी शुभारंभ किया गया।

क्षेत्रीय खेल सचिव के.के. टोप्पो एवं सहसचिव दिनेश मेश्राम ने बताया कि इस प्रतियोगिता में पावर कंपनीज की 9 टीमें हिस्सा ले रही हैं।

इनमें एचटीपीएस कोरबा-पश्चिम, डीएसपीएम कोरबा-पूर्व, एबीवीटीपीएस मड़वा, रायपुर, बिलासपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर रीजन की टीमें शामिल हैं।

चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।