शक्तिनगर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में दुकान में लगी आग,CISF की तत्परता से बड़ा हादसा टला

कोरबा। जिले के शक्तिनगर स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में दोपहर करीब 12 बजे एक इलेक्ट्रॉनिक सामान मरम्मत करने वाली दुकान में अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही सीआईएसएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सहायक कमांडेंट सुमन सिंह के नेतृत्व में जवानों को मौके पर भेजा। टीम ने पहुंचकर हालात का जायजा लिया और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए जवानों ने बाल्टियों के माध्यम से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया।

साथ ही एहतियात के तौर पर आसपास की दुकानों को खाली कराया गया, ताकि आग को फैलने से रोका जा सके।

जवानों की सूझबूझ और तत्परता के चलते आग को सीमित दायरे में ही नियंत्रित कर लिया गया और कुछ ही समय में पूरी तरह बुझा दिया गया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की अन्य दुकानों को सुरक्षित बचा लिया गया।

इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने सीआईएसएफ के इस सराहनीय कार्य की जमकर प्रशंसा की।