बलगी में घर के बाहर दिखा जहरीला नाग, रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित पकड़ा

कोरबा । जिले के बलगी क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 5 फीट लंबा जहरीला नाग अचानक एक घर के बाहर दिखाई दिया। भोजन के बाद टहल रहे स्थानीय लोग सांप को देखकर घबरा गए। लोगों ने उसे भगाने की कोशिश की, लेकिन नाग फन फैलाकर पास की एक बंद नाली में जा बैठा, जिससे स्थिति और भी भयावह हो गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने वन्यजीव रेस्क्यू टीम नोवा नेचर के सदस्य जितेंद्र सारथी को सूचना दी। सूचना मिलते ही वे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और टॉर्च की रोशनी में रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

रात के अंधेरे में नाग लगातार आक्रामक रुख अपनाए रहा, जिससे खतरा और बढ़ गया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने सावधानीपूर्वक नाग को काबू में कर सुरक्षित थैले में डाल लिया। इसके बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली और रेस्क्यू टीम का आभार जताया।

रेस्क्यू के बाद मामले की जानकारी कुमार निशांत (डीएफओ, कटघोरा वन मंडल) को दी गई। उनके निर्देश पर नाग को उसके प्राकृतिक आवास जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।