खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई,स्मार्ट वाटर’ पाउचऔर आइसक्रीम फैक्ट्री से लिए सैंपल, लैब रिपोर्ट का इंतजार

कोरबा। जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए पानी और आइसक्रीम बनाने वाली फैक्ट्रियों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई दीपक अग्रवाल (आयुक्त, खाद्य सुरक्षा) के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

दीपका स्थित मित्तल इंडस्ट्रीज में “Smart Water” नाम से बिक रहे पानी पाउच (ड्रिंकिंग वाटर) का सैंपल जब्त किया गया। वहीं मुड़ापार, कोरबा में संचालित फ्लेक्सो आइसक्रीम फैक्टरी से भी आइसक्रीम के नमूने लिए गए।

जांच टीम ने दोनों स्थानों से सैंपल एकत्र कर रायपुर स्थित फूड लैब भेज दिए हैं, जहां उनकी गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप विस्तृत जांच की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान संबंधित फर्मों को FSSAI के नियमों के तहत संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अब सभी की नजर लैब रिपोर्ट पर टिकी हुई है। यदि सैंपल मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं, तो संबंधित फर्मों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद जिले के अन्य खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप का माहौल है।