कोरबा। जिले में पर्यटन और ग्रामीण संपर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जटाशंकरी नाला पर पुलिया निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इस पुलिया के लिए 5 करोड़ 25 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। पुल गोपालपुर से नवापारा के बीच नरसिंह गंगा मार्ग पर बनेगा, जो पर्यटन स्थल नरसिंह गंगा जाने वाले लोगों के लिए भी सुगम आवागमन सुनिश्चित करेगा।
इसी तरह ग्राम पंचायत बतरा के आश्रित गांव कुम्हीपानी के पहुंच मार्ग पर खारून नदी पर पुलिया निर्माण को भी मंजूरी मिली है। इसकी अनुमानित लागत 4 करोड़ 90 लाख रुपये है। लंबे समय से ग्रामीणों की मांग पर यह निर्णय लिया गया है।
वर्तमान में कुम्हीपानी गांव में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा, स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं और किसानों को नदी पार करने में भारी परेशानी होती है। छात्रों को हाईस्कूल बतरा और शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल पोड़ी तक पहुंचने के लिए नदी-नाला पार करना पड़ता है। क्षेत्र में 100 हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि है, जहां बाढ़ के दौरान उपज का परिवहन नहीं हो पाने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होता है।
जटाशंकरी नाला पुल बनने से नवापारा, डोडकी, सगुना, ढाड़पखना सहित आसपास के कई गांवों के लोगों की आवाजाही आसान होगी।नरसिंह गंगा पर्यटन स्थल पर पिकनिक मनाने जाने वाले पर्यटकों को भी लाभ मिलेगा।
दोनों पुलियों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















