संपत्तिकर नहीं अदा करने पर निगम ने लगाई सील, तीन बड़े बकायादारों पर कार्रवाई

कोरबा। संपत्तिकर वसूली को लेकर नगर पालिक निगम अब सख्त रुख अपनाए हुए है। लगातार नोटिस और वारंट के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करने वाले बड़े बकायादारों पर कार्रवाई करते हुए निगम ने तीन संपत्तियों को सील कर दिया।

निगम अधिकारियों के अनुसार, संपत्तिकर, समेकित कर और जलकर सहित विभिन्न करों की बड़ी राशि लंबित है, जिसकी वसूली के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बार-बार सूचना देने के बावजूद भुगतान में रुचि नहीं लेने वाले बकायादारों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

शुक्रवार को कोरबा जोन क्षेत्र में बीपी मोदी (1 लाख 81 हजार 56 रुपये), अनूपचंद अग्रवाल (2 लाख 32 हजार 653 रुपये) और शंकरशरद अग्रवाल (91 हजार 602 रुपये) की संपत्तियों को सील किया गया। हालांकि, अनूपचंद अग्रवाल ने 1 लाख 50 हजार रुपये जमा कर शेष राशि 31 मार्च तक जमा करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद निगम ने आगे की प्रक्रिया शुरू की। वहीं शंकरशरद अग्रवाल द्वारा बकाया जमा नहीं करने पर उनकी संपत्ति अभी भी सील है।

इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर भवन निर्माण सामग्री और सीएंडडी वेस्ट फेंकने के मामलों में भी निगम ने कई लोगों पर जुर्माना लगाया है और इस कार्रवाई को लगातार जारी रखने की बात कही है।

कार्रवाई के दौरान जोन कमिश्नर नीरज कौशिक, राजस्व अधिकारी अनिरुद्ध सिंह, उप जोन प्रभारी अजय कुमार अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।