महतारी वंदन योजना: छोटी बचत ने खोले आत्मनिर्भरता के द्वार, कृष्णा कुर्रे ने शुरू किया ब्यूटी पार्लर

कोरबा। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना प्रदेश की महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कारगर माध्यम बन रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रारंभ इस योजना से मिलने वाली प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता अब महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बना रही है।

इस योजना की बदौलत कोरबा जिले के सीतामढ़ी क्षेत्र की निवासी श्रीमती कृष्णा कुर्रे ने अपने सपने को पंख दिए हैं। पहले वह परिवार की आर्थिक मदद के लिए दूसरों के यहां काम करने जाती थीं, लेकिन मन हमेशा अपना खुद का रोजगार शुरू करने का था। महतारी वंदन योजना उनके लिए वरदान साबित हुई।

श्रीमती कुर्रे ने योजना से प्रतिमाह मिलने वाली राशि को बचाकर जमा करना शुरू किया। कुछ ही समय में लगभग 12 से 15 हजार रुपये एकत्रित हो गए। इसी पूंजी से उन्होंने अपने घर पर ही एक छोटा ब्यूटी पार्लर शुरू करने का फैसला किया। आज वे सफलतापूर्वक अपना पार्लर संचालित कर रही हैं, जिससे न केवल उन्हें बाहर जाकर काम करने की मजबूरी से मुक्ति मिली, बल्कि घर-परिवार की जिम्मेदारियों के साथ आय का एक स्थायी साधन भी विकसित हो गया है।

अपनी खुशी साझा करते हुए कृष्णा कुर्रे ने बताया, “पहले मुझे तीन बेटियों की छोटी-मोटी जरूरतों के लिए भी दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब मैं खुद कमा रही हूं। इस योजना ने मेरी जिंदगी बदल दी है।” उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना जैसी पहल महिलाओं को आत्मसम्मान के साथ जीने का अवसर प्रदान कर रही है।

उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है और घर में खुशहाली का माहौल है।

यह उदाहरण साफ करता है कि कैसे एक सरकारी योजना का सही उपयोग कर महिलाएं न केवल अपने जीवन स्तर को ऊपर उठा सकती हैं, बल्कि समाज में आत्मनिर्भरता की एक नई मिसाल भी पेश कर सकती हैं।