बालको प्लांट गेट पर जनता कांग्रेस का ‘खटिया खड़ी’ आंदोलन, अमित जोगी के नेतृत्व में 13 में से 3 मांगों पर प्रबंधन ने दिया विचार का भरोसा

कोरबा। बेरोजगारी और बालको में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने से जुड़े लंबित मुद्दों को लेकर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ ने बालको प्लांट गेट के सामने खटिया खड़ी आंदोलन किया। जनता कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी की मौजूदगी में आयोजित इस प्रदर्शन में बालको प्रबंधन ने 13 मांगों में से 3 पर विचार करने का आश्वासन दिया।

प्रदर्शनकारियों ने एक खटिया के साथ प्लांट गेट पर डेरा डाला और नारेबाजी की। हालांकि, अपेक्षित भीड़ नहीं जुट सकी कुर्सियां लगाई गईं लेकिन अधिकांश खाली रहीं।

कोरबा और आसपास के क्षेत्रों से कुछ युवा और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का मुख्य आरोप था कि एक महीने पहले प्रबंधन को लिखित रूप से मांगों से अवगत कराया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने मांग की कि बालको में बेरोजगार स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता से रोजगार दिया जाए, पुरानी नियुक्तियों में पारदर्शिता लाई जाए और लंबित मांगों पर तत्काल विचार किया जाए। इस दौरान आंदोलनकारियों और पुलिस के बीच हल्की धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी, लेकिन स्थिति जल्द नियंत्रित हो गई।

अमित जोगी ने अपनी बात रखते हुए कहा, “छत्तीसगढ़ उन लोगों का है जिन्होंने इसे बनाया है। प्रदेश की धरती पर प्लांट लगा है, इसलिए यहां के लोगों के बारे में बात होनी चाहिए।

बेरोजगार युवाओं को रोजगार देना न केवल उनका अधिकार है, बल्कि राज्य की जिम्मेदारी भी है।”

बालको प्रबंधन ने वार्ता के बाद 13 मांगों में से 3 पर सकारात्मक विचार करने और शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया। प्रदर्शनकारियों ने इसे आंशिक सफलता माना और आगे की रणनीति पर विचार करने की बात कही।

प्लांट के आसपास पुलिस और बालको सुरक्षा बल की तैनाती रही, लेकिन कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई।