कोरबा। कोरबा अंचल के टी.पी. नगर चौकी रेलवे क्रासिंग आज सुबह एक बार फिर लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया। बालको और छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल के संयंत्रों के लिए कोयला ले जा रही मालगाड़ी सुबह करीब 9:30 बजे क्रासिंग के बीचों-बीच खड़ी हो गई। ओवरलोड, ट्रैक पर चढ़ाव और डिब्बों की अधिक संख्या के कारण मालगाड़ी हॉफ कर गई, जिससे क्रासिंग घंटों बंद रही और दोनों तरफ लंबा जाम लग गया।
राहगीरों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। दोपहिया वाहन चालकों ने वैकल्पिक रास्ते अपनाए कुछ शारदा विहार की ओर मुड़े तो कुछ रिकांडो मार्ग से सीएसईबी चौक होते हुए निकले। लेकिन चारपहिया वाहन क्रासिंग में ही फंसे रहे और मालगाड़ी के हटने का इंतजार करते रहे।
लगभग 11 बजे के बाद अतिरिक्त इंजन मंगवाया गया, जिसके आने के बाद मालगाड़ी आगे बढ़ी और जाम में फंसे लोग अपने गंतव्य की ओर रवाना हो सके।
यह पहला मामला नहीं है। टी.पी. नगर रेलवे क्रासिंग पर मालगाड़ियां अक्सर घंटों खड़ी रहती हैं, जिससे जाम लगता है और स्थानीय व्यापारियों का कारोबार प्रभावित होता है। राहगीरों, स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों और दैनिक यात्रियों को रोजाना इसी तरह की परेशानी झेलनी पड़ती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या का स्थायी समाधान केवल ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण से ही संभव है। लेकिन अब तक न रेलवे और न ही संबंधित कोयला आपूर्ति संस्थानों (बालको, एसईसीएल, सीएसईबी) ने इस दिशा में कोई ठोस कदम उठाया है।
लोगों की मांग है कि टी.पी. नगर चौक पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण शीघ्र शुरू किया जाए, ताकि रोजमर्रा की आवाजाही सुगम हो और घंटों का जाम एवं परेशानी से निजात मिल सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















