स्टेडियम बाईपास रोड पर ट्रकों की मनमानी से तंग आकर स्थानीय लोग सड़क पर बैठे,प्रदर्शन में पुलिस से की कार्रवाई की मांग

कोरबा। ऊर्जाधानी कोरबा में भारी वाहनों की अव्यवस्था अब स्थानीय लोगों के लिए असहनीय हो गई है। सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत स्टेडियम बाईपास रोड (ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र) पर ट्रक चालकों द्वारा अवैध पार्किंग और मनमानी से परेशान रहवासी बुधवार को सड़क पर उतर आए। लोगों ने सड़क पर बैठकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और यातायात पुलिस से ट्रक चालकों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की।

यह सड़क मूल रूप से भारी वाहनों के आवागमन के लिए बनाई गई थी, ताकि शहर के मुख्य इलाकों में ट्रैफिक का बोझ कम हो सके। लेकिन पिछले कुछ महीनों से ट्रक चालक इसे ही अस्थायी पार्किंग स्थल बना चुके हैं। रात के समय सैकड़ों ट्रक सड़क के दोनों किनारों पर खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है।

रहवासियों ने बताया कि ट्रक चालक कई बार घरों के मुख्य द्वार के ठीक सामने वाहन पार्क कर देते हैं, जिससे लोग घर से बाहर नहीं निकल पाते और कई बार घरों में ही कैद हो जाते हैं। समझाने-बुझाने के बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ, बल्कि कई बार विवाद की नौबत भी आ चुकी है।

ट्रकों से लगातार उड़ने वाली धूल और राखड़ के कारण आसपास के निवासियों को सांस लेने में कठिनाई हो रही है।

खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर इसका गंभीर प्रभाव पड़ रहा है। कई लोग खांसी, सांस की बीमारियों और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं।

सीएसईबी चौक से स्टेडियम तिराहा तक करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क पर रात में ट्रकों की लंबी कतार लग जाती है, जिससे जाम जैसी स्थिति बन जाती है। आपात स्थिति में एम्बुलेंस या फायर ब्रिगेड जैसे वाहनों के लिए गुजरना लगभग असंभव हो जाता है।

लगातार बढ़ती परेशानी से आक्रोशित होकर बुधवार को स्थानीय लोग सड़क पर बैठ गए और प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि जल्द ट्रक चालकों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र होगा।

स्थिति को देखते हुए सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने ट्रक चालकों को वाहन हटाने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि आगे से सड़क पर पार्किंग करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की मौजूदगी में फिलहाल स्थिति नियंत्रित है।

रहवासियों ने प्रशासन से प्रमुख मांगें की हैं:

ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में ट्रकों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था बनाई जाए।

सड़क किनारे ट्रक खड़े करने पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।

इस इलाके में यातायात पुलिस की नियमित और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए।