कोरबा/कटघोरा। विश्व महिला दिवस के अवसर पर कटघोरा के गढ़ कलेवा परिसर में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण को समर्पित एक प्रेरणादायक कार्यक्रम “दीदी सम्मान समारोह” आयोजित किया गया। श्रिया महिला स्व सहायता समूह के तत्वावधान में हुए इस समारोह में गढ़ कलेवा से जुड़ी महिलाओं सहित विभिन्न स्व सहायता समूहों की 200 से अधिक महिलाओं का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के योगदान को सराहना और उन्हें आत्मनिर्भरता एवं सशक्तिकरण की दिशा में प्रेरित करना था। समारोह की शुरुआत छत्तीसगढ़ की महतारी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई।
बालको, कोरबा, पाली, कटघोरा और पोंडी-उपरोड़ा सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बिहान योजना से जुड़ी स्व सहायता समूहों की महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हुईं।



मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग उपस्थित रहे। अन्य प्रमुख अतिथियों में कटघोरा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राज जायसवाल, उपाध्यक्ष लालबाबू ठाकुर, नगर पंचायत छुरी की अध्यक्ष पद्मिनी प्रीतम देवांगन, कटघोरा नगर पालिका परिषद के सीएमओ मुद्रिका प्रसाद तिवारी, जनपद पंचायत कटघोरा के सीईओ यशपाल सिंह और सचिव संघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र बहादुर सिंह पैकरा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए।
अतिथियों ने गढ़ कलेवा संचालन से जुड़ी महिलाओं को प्रतीक चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
वक्ताओं ने महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना की और कहा कि समाज के विकास में उनकी भूमिका अपरिहार्य है।
कटघोरा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राज जायसवाल ने कहा, “महिलाओं की मेहनत और लगन से समाज में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। उनके सम्मान और सशक्तिकरण के बिना प्रगति संभव नहीं।”
जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग ने बताया कि गढ़ कलेवा केंद्र के माध्यम से स्व सहायता समूह की महिलाएं न केवल छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के माध्यम से लोगों को भोजन और जलपान की सुविधा दे रही हैं, बल्कि आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर भी बन रही हैं। यह पहल स्थानीय महिलाओं के लिए रोजगार और सम्मान का सशक्त माध्यम साबित हो रही है।
सचिव संघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र बहादुर सिंह पैकरा ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि नारी शक्ति अब प्रशासनिक, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों में मजबूती से आगे बढ़ रही है।
कार्यक्रम में आत्मसम्मान, स्वावलंबन और समाज में महिलाओं की भूमिका पर प्रेरक विचार साझा किए गए।
अंत में गढ़ कलेवा की संचालिका एवं श्रिया महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष नीलम सोनी ने सभी अतिथियों और उपस्थित महिलाओं का आभार व्यक्त किया तथा विश्व महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं की एकजुटता और मेहनत ही समाज को नई दिशा दे सकती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















