बड़े बकायादारों पर निगम की सख्ती, कोसाबाड़ी व टीपी नगर में संपत्तियां सील

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा को देय संपत्तिकर जमा नहीं करने वाले बड़े बकायादारों पर अब सख्ती शुरू हो गई है। निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने कोसाबाड़ी और टीपी नगर जोन में कार्रवाई करते हुए बकायादारों की संपत्तियों को सील कर दिया।

नगर निगम के अनुसार कई करदाताओं द्वारा बार-बार नोटिस और वारंट जारी किए जाने के बावजूद निगम को देय बकाया करों की राशि जमा नहीं कराई जा रही थी। इसे देखते हुए निगम प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए बकायादारों के खिलाफ सील बंदी की कार्रवाई शुरू की है।

निगम ने स्पष्ट किया है कि यदि बड़े बकायादार शीघ्र बकाया कर जमा नहीं करते हैं तो उनकी संपत्तियों को कुर्क करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

निगम को संपत्तिकर, समेकित कर, जलकर सहित अन्य करों की बड़ी राशि बकायादारों से प्राप्त करनी है।

अधिकारियों का कहना है कि कर राशि जमा नहीं होने से निगम को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है और शहर के विकास कार्यों व नागरिक सुविधाओं पर भी इसका असर पड़ सकता है।

आयुक्त के निर्देश पर निगम के राजस्व अमले ने बकायादारों के खिलाफ अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में राजस्व अधिकारी अनिरुद्ध प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने कोसाबाड़ी और टीपी नगर जोन में कार्रवाई करते हुए संबंधित संपत्तियों को सील कर दिया और बकायादारों को तत्काल बकाया राशि निगम कोष में जमा करने के निर्देश दिए।

कार्रवाई के दौरान उप जोन प्रभारी दिलेश्वर सिंह ठाकुर , अविनाश जायसवाल,राजेश वैष्णव, अजय ताड़े, श्रवण झा, राकेश विश्वकर्मा सहित अन्य राजस्व कर्मचारी उपस्थित रहे।